पहली अप्रैल से राजधानी शिमला के कामर्शियल कनेक्शन धारकों को महंगी दरों पर पानी मिलेगा। राज्य सरकार की अधिसूचना के अनुसार पहली अप्रैल से नगर निगम शिमला कामर्शियल कनेक्शन के मासिक बिल में दस फीसदी की बढ़ोतरी करेगा। निर्माण कार्य के लिए प्रयोग किए जाने वाले पानी की दरें भी पहली अप्रैल से महंगी हो जाएंगी।
शहर में पानी के साढ़े छह हजार से अधिक कामर्शियल और कंस्ट्रक्शन कनेक्शन हैं। पहली अप्रैल से होने वाली दस फीसदी बढ़ोतरी के बाद पानी की खपत के अनुसार साढे़ चार रुपये से लेकर आठ रुपये तक की बढ़ोतरी होगी। उपभोक्ताओं को सीवरेज सेस भी चुकाना होगा। सीवरेज सेस पानी के बिल का 15 प्रतिशत होता है। निगम अभियंता विजय गुप्ता का कहना है कि प्रति वर्ष पानी की दरों में दस फीसदी की वृद्धि की जाती है। सरकार की अधिसूचना के मुताबिक यह वृद्धि की जाती है।