कांग्रेस सरकार-संगठन की रार खत्म करने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विद्या स्टोक्स फिर एकजुट हो गए हैं। रविवार को प्रदेश कांग्रेस के दोनों वरिष्ठ नेता चौपाल में एक साथ होंगे, जबकि इसके बाद सात जून को ठियोग के शिलारू में होने जा रहे कार्यक्रम में भी साथ-साथ नजर आएंगे।
कांग्रेस के दोनों दिग्गज नेता लंबे अरसे तक एक-दूसरे के धुर विरोधी रह चुके हैं। पिछले विधानसभा चुनाव में भी दोनों नेताओं ने एका दिखाया था। चुनावी सीजन नजदीक आते देख दिग्गजों ने फिर से एकजुटता का मंत्र अपना लिया है।
रविवार को चौपाल निर्वाचन क्षेत्र में प्रस्तावित कार्यक्रमों में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के साथ सिंचाई एवं बागवानी मंत्री विद्या स्टोक्स चौपाल उत्सव में शिरकत करेंगी।
सीएम वीरभद्र सिंह कॉलेज भवन, शॉपिंग कांप्लेक्स समेत कुछ अन्य कार्यों का शिलान्यास करेंगे। इसी तरह से सात जून को शिलारू में बागवानी विकास परियोजना के तहत होने जा रहे एक कार्यक्रमों में भी दोनों की हाजिरी रहेगी।