नेस सर्वे के लिए मिशन मोड में काम करें शिक्षक : रोहित
प्रदेश में नेस यानी नेशनल अचीवमेंट सर्वे दिसंबर के पहले सप्ताह में होगा। इसके लिए प्रदेश के सभी शिक्षक मिशन मोड में काम करें। यह आह्वान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने धर्मपुर में अंडर-14 स्कूली छात्रों की राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिताओं के शुभारंभ पर कही। रोहित ने कहा कि कभी हिमाचल का शिक्षा स्तर ऐसा था कि केरल के बाद दूसरे स्थान पर आता था। अब हिमाचल 21वें पायदान पर है। दिसंबर के पहले सप्ताह में होने वाले नेस सर्वे में तीसरी, छठी और नौंवी के बच्चों के शैक्षणिक स्तर जांचा जाएगा। इस बार हिमाचल ने बेहतर स्थिति में आना है। इसके लिए शिक्षकों को जी-जान लगाकर मेहनत करनी होगी। सभी शिक्षक संकल्प के साथ काम करें। इस मौके पर धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि आज इस बात पर मंथन करने की जरूरत है कि स्कूल बंद होने के बाद भी शिक्षा की अलख को कैसे जगाया जाए। इसके लिए रेजिडेंशियल स्कूलों पर काम करने की अधिक जरूरत है। इस मौके पर विधायक चंद्रशेखर ने शिक्षा मंत्री के समक्ष शिक्षा विभाग से संबंधित 10 करोड़ की मांगें रखीं। इसे शिक्षा मंत्री ने मौजूदा और आगामी सत्र में पूरा करने का भरोसा दिलाया। प्रतियोगिता में बाल मेले का आयोजन भी किया जा रहा है। इसमें बच्चों को प्रतिभा दिखाने का मौका मिल रहा है।