बागी नहीं, दागी हैं भाजपा में गए 6 पूर्व विधायक: धर्माणी
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने भाजपा में गए छह पूर्व विधायकों को दागी करार देते हुए कहा कि इन विधायकों ने अपना दामन दागदार करने के साथ-साथ हिमाचल प्रदेश की संस्कृति को भी दागदार किया। अभी भी यह पूर्व विधायक चुनावी रण से हटकर प्रायश्चित कर सकते हैं तो शायद इनको भगवान क्षमा कर दें। उन्होंने कहा कि छानबीन में सामने आया है कि नौ विधायकों में से पांच विधायक खनन के कारोबार से जुड़े हैं। एक क्रशर की अनुमति होने के बाद एक अन्य अवैध क्रशर बिना अनुमति के ही चला रहे थे और सरकारी भूमि पर खनन कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ विधायकों को खरीद सकती है लेकिन प्रदेश के लाखों मतदाताओं को खरीदने की हैसियत किसी में नहीं है और न ही हिमाचल की जनता अपना ईमान बेचती है। उन्हें पूरा भरोसा है कि हिमाचल की जनता इन पूर्व विधायकों की जमानत जब्त करवाएगी।
विधायक किशोरी लाल को सहप्रभारी की जिम्मेदारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने मुख्य संसदीय सचिव व बैजनाथ के विधायक किशोरी लाल को धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के लिए सहप्रभारी की जिम्मेदारी दी है। प्रदेश कांग्रेस कार्यकारी अध्यक्ष मुख्य संसदीय सचिव संजय अवस्थी ने बताया है कि किशोरी लाल को धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव में ब्लॉक व अग्रणी सगंठनों के पदाधिकारियों के साथ तालमेल के साथ चुनाव प्रचार को लेकर बैठकें करने को कहा गया है।