बागियों के पाप धोने से गंगा ने भी किया मना
मंच से मुख्यमंत्री सुक्खू ने बागी विधायकों को भी घेरा। उन्होंने कहा कि गंगा मां ने भी लोकतंत्र की हत्या करने वाले पापियों के पाप धोने से मना कर दिया। अब ये बागी विधायक ऋषिकेश में आत्म शांति के लिए तप कर रहे हैं। बजट सत्र से ठीक एक दिन पूर्व छह बागी विधायकों ने क्रॉस वोटिंग कर बजट को प्रस्तुत करने में बाधा डालते हुए अपना इमान तक बेच डाला। लोकतंत्र की हत्या करने वालों को जनता कभी माफ नहीं करेगी। यही वजह है कि अब वे चोरी-छिपे भाग रहे हैं। पहले वे हरिद्वार पहुंचे, जहां पर पाप न धुले तो अब ऋषिकेश पहुंच गए हैं।
विस अध्यक्ष ईमानदार, इतिहास याद रखेगा
मुख्यमंत्री ने विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया की जजमेंट के लिए कहा कि इतिहास उन्हें सदा याद रखेगा। कहा कि पठानिया ईमानदार हैं और कानून के ज्ञाता हैं। सत्ता के भूखे विपक्षी दल भाजपा ने जब 6 बागी विधायकों से क्रॉस वोटिंग करवाकर बजट प्रस्तुत न होने की चाल चली तो उस वक्त विस अध्यक्ष ने कहा कि वे कानून के अनुसार ही अपना काम ईमानदारी से करेंगे।