मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल प्रदेश के शहरी क्षेत्रों में छात्र और छात्राओं की कम संख्या वाले वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल मर्ज किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने सचिवालय में शिक्षा विभाग के कामकाज की समीक्षा करते हुए अन्य स्कूलों के युक्तिकरण के भी निर्देश दिए। बीते दिनों हुई राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री को स्कूल और कॉलेज मर्ज करने का फैसला लेने के लिए अधिकृत किया गया है। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि शहरी स्थानीय निकायों के तहत आने वाले सरकारी स्कूलों में चलने वाले वरिष्ठ माध्यमिक वर्गों को सह-शिक्षा वाला बनाया जाएगा। छात्र और छात्राओं वाले ऐसे अलग-अलग स्कूलों को एक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उन स्कूलों को युक्तिसंगत बनाएगी, जहां नामांकन कम है और नजदीक ही समान स्तर का अन्य स्कूल क्रियाशील है। बैठक में शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिक्षा सचिव राकेश कंवर और शिक्षा विभाग के कई अन्य वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।