सितंबर में रिटायर हो रहे मुख्य सचिव विनीत चौधरी की जगह नए सीएस की तैनाती के लिए कदमताल शुरू हो गई है। इसी सप्ताह नए मुख्य सचिव के लिए सिविल सर्विस बोर्ड बैठक कर वरिष्ठ अधिकारियों के नाम पर चर्चा के बाद मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को रिपोर्ट सौंपेगा।
बोर्ड की मीटिंग मौजूदा सीएस चौधरी की अध्यक्षता में होगी। सीएस के अलावा बैठक में कार्मिक विभाग के अध्यक्ष और एक वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी शामिल होंगे। बोर्ड की रिपोर्ट के बाद यह मुख्यमंत्री पर निर्भर करेगा कि उन्हें किसे मुख्य सचिव बनाना है।
उल्लेखनीय है कि उपमा चौधरी 1983 बैच की वरिष्ठता सूची में आगे हैं। उनके बाद तीन अधिकारी हैं। ये एआर सिहाग, वीसी फारका और भारती एस सिहाग हैं। वीरभद्र सरकार में मुख्य सचिव रहे वीसी फारका को जयराम सरकार ने सत्ता में आने पर इस पद से हटा दिया था और वह तबसे प्रधान सलाहकार जन शिकायत निवारण हैं। सिहाग दंपती भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। 1984 बैच में दो अन्य अधिकारी तरुण श्रीधर और अरविंद मेहता हैं। ये दोनों भी केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं।
अग्रवाल और बाल्दी भी वरिष्ठता सूची में
1985 बैच में चार आईएएस अधिकारी हैं। इनमें सबसे ज्यादा वरिष्ठ बीके अग्रवाल हैं। अग्रवाल हिमाचल सरकार में अतिरिक्त मुख्य सचिव गृह और स्वास्थ्य तैनात हैं। इसी बैच में अग्रवाल के बाद डॉ. श्रीकांत बाल्दी आते हैं जो मौजूदा वक्त में अतिरिक्त मुख्य सचिव और प्रधान सचिव मुख्यमंत्री हैं।