सीएम जयराम ठाकुर दो दिन तक इस विधानसभा क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। जंजैहली में एसडीएम कार्यालय को लेकर चल रहे विवाद के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर शनिवार को अपने गृह विधानसभा क्षेत्र सराज का दौरा करेंगे।
दो दिवसीय दौरे के दौरान दस मार्च को जयराम शिमला से हेलिकाप्टर से 11 बजे के बाद रैनगलु में उतरेंगे। बगस्याड़ में बगस्याड़ टिक्कर सड़क की आधारशिला रखने के बाद बगस्याड़ में ही सिविल अस्पताल की भी आधारशिला रखेंगे।
इसके अलावा वहीं पर हाल ही में स्तोरन्नत किए गए सिविल अस्पताल का भी शुभारंभ करेंगे। इसके बाद जयराम सड़क मार्ग से थुनाग जाएंगे व वहां आईपीएच के नए डिवीजन का शुभारंभ करेंगे। यहां जयराम ठाकुर सीएम कैंप ऑफिस (विधानसभा क्षेत्र सेल) का भी उद्घाटन करेंगे।
इसके बाद जन शिकायतें भी सुनेंगे। रात में तांदी में रुकने के बाद 11 मार्च को सीएम जयराम ठाकुर तांदी से सड़क मार्ग द्वारा लंबाथाच जाएंगे और वहां उनका नागरिक अभिनंदन स्वीकार कर दरबार थाच जाएंगे। इसके बाद वहां से शिमला के लिए रवाना हो जाएंगे।