शिमला के सुन्नी के लोटी नाले में बहे एक और पर्यटक का शव मिल गया है।
- फोटो : अमर उजाला
शिमला के सुन्नी के लोटी नाले में बहे एक और पर्यटक का शव मिल गया है। अमनप्रीत सिंह (नवाशंहर, पंजाब) का शव सतलुज नदी के किनारे कालीघाट के पास मिला। इससे पहले वीरवार को यहां एक गाइड का शव भी मिल चुका है।
तीन सैलानी अभी भी लापता हैं, इनकी तलाश की जा रही है। शुक्रवार को अमनप्रीत सिंह का शव रिवर राफ्टर लीला दास ने देखा। लीला दास ने शव को देखते ही सुन्नी पुलिस थाने को सूचना दी। पुलिस टीम तुरंत घटना स्थल पर पहुंची।
रिवर राफ्टरों और स्थानीय लोगों के साथ मिलकर शव को नदी से बाहर निकाल कर पोस्टमार्टम के लिए सुन्नी अस्पताल ले गए। पुलिस ने अमनप्रीत सिंह और नवेंद्र के शव का पोस्टमार्टम कर परिजनों को सौंप दिया है। उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि सतलुज से एक सैलानी का शव बरामद कर लिया गया है।
इसकी पहचान भी हो गई है। लापता सैलानियों की तलाश जारी है। डीसी ने कहा कि सैलानी के परिजनों को मदद के तौर पर 50 हजार की फौरी राहत दी गई है।इससे पहले जिला प्रशासन ने नदी में बहे पांचों शवों की तलाश के लिए भटिंडा से एनडीआरएफ की टीम को बुलाया था।
हालांकि, एनडीआरएफ की टीम ने शवों को खोजने में हाथ खड़े कर दिए थे। टीम का कहना था कि सतलुज नदी में पानी का बहाव काफी तेज है। ऐसे में शव तलाश करना मुश्किल है। 11 मई को दोपहर ढाई बजे सुन्नी के लोटी में बादल फटने से चेबड़ी, लोटी, मुंगणा और लुणसू में भारी तबाही मची थी। हादसे में पांच सैलानी लापता हो गए थे। दो के शव बरामद हो चुके हैं।