कुमारसैन (रामपुर बुशहर)। राजकीय महाविद्यालय कुमारसैन में ईको क्लब और सीएससीए के संयुक्त तत्वावधान में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को बढ़ावा देना है। कॉलेज परिसर में विभिन्न स्वच्छता और परिसर के रख-रखाव संबंधी गतिविधियां पूरे दिन जारी रहीं। अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय परिसर और आसपास के स्थानों की सफाई की। परिसर के आसपास उगी अनावश्यक झाड़ियों, घास-फूस और अन्य अवांछित वनस्पतियों को हटाया गया। विद्यार्थियों को पौधों और हरियाली के संरक्षण के महत्व के बारे में जागरूक किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एसके गांधी ने विद्यार्थियों को स्वच्छता बारे जागरूक किया। उन्होंने कहा कि ईको क्लब के सदस्यों और सीएससीए के पदाधिकारियों ने अभियान को सफल बनाने में विशेष भूमिका निभाई है। स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान न होकर निरंतर चलने वाली सामूहिक जिम्मेदारी है।