अमर उजाला स्वच्छता अभियान
अमर उजाला ने गुम्मा में स्वच्छता अभियान में दिया संदेश
दो घंटे तक चले अभियान में मेला ग्राउंड, बस स्टैंड और गुम्मा खड्ड से इकट्ठा किया कचरा
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अमर उजाला की ओर से गुम्मा में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में युवा मंडल गुम्मा ने सहयोग किया। रविवार सुबह 11:00 बजे शुरू हुए इस अभियान में अमर उजाला के साथ स्थानीय युवा इकट्ठा हुए। करीब दो घंटे तक चले इस अभियान में मेला ग्राउंड, बस स्टैंड और गुम्मा खड्ड में पड़े कचरे, प्लास्टिक की बोतलें एकत्र कर डस्टबिन में डाला। स्थानीय प्रधान मदन लाल ने बताया कि इस तरह के अभियान लगातार होने चाहिए। इससे जहां पर्यावरण स्वच्छ होगा, वहीं स्थानीय लोग एक-दूसरे से परस्पर जुड़े रहेंगे। इसके अलावा युवा इस तरह के अभियान के जरिये क्षेत्र के विकास में अपनी अहम भूमिका भी निभाएंगे। अभियान में युवा मंडल गुम्मा के महासचिव उदय वर्मा समेत अन्य लोग शामिल रहे।
स्वच्छता के लिए लोगों में जागरुकता जरूरी
स्वच्छता के प्रति लोगों में जागरुकता होना चाहिए। स्वच्छ पर्यावरण होगा तो लोग बीमारियों से भी बचे रहेंगे। घरों के साथ-साथ आसपास भी सफाई का विशेष ध्यान रखें। -मदन लाल, प्रधान गुम्मा पंचायत
हर व्यक्ति करे पौधरोपण
स्वच्छ पर्यावरण के लिए प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण करना चाहिए। इससे पर्यावरण स्वच्छ रहेगा, वहीं स्वास्थ्य संबंधी जो समस्याएं होती हैं, वह हरा-भरा पर्यावरण होने से कम होंगी। -जय प्रकाश, सामाजिक कार्यकर्ता
कूड़ेदान का करें इस्तेमाल
गांवों में जो कूड़ेदान लगाए गए हैं, उनमें लोगों को कचरा डालना चाहिए। इधर-उधर फेंककर क्षेत्र को प्रदूषित न करें। -पिंकी ठाकुर, वार्ड सदस्य
शरीर और मन रहेगा स्वस्थ
स्वच्छता जीवन का एक अहम अंग है। अगर स्वच्छ वातावरण होगा तो हमारा शरीर और मन भी स्वस्थ रहेगा। -लक्की शर्मा, स्थानीय निवासी