पीएम नरेंद्र मोदी के दौरे के दौरान भुंतर एयरपोर्ट में पहली बार एक साथ नौ हेलीकॉप्टर उतरे। पूरा हवाई अड्डा हेलीकॉप्टरों से भर गया। अटल टनल रोहतांग के उद्घाटन के लिए मनाली, सिस्सू तथा साउथ पोर्टल पहुंचे चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल विपिन रावत तथा सेना प्रमुख एमएम नरवणे वापसी के दौरान भुंतर एयरपोर्ट में उतरे।
यहां उन्होंने दोपहर का भोजन किया। हालांकि, पहले रक्षामंत्री राजनाथ सिंह को भी आना था, मगर वे मनाली से सीधे चंडीगढ़ चले गए। चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ विपिन रावत तथा सेना प्रमुख एमएम नरवणे का हेलीकॉप्टर भुंतर हवाई अड्डे में उतरा। बीते शुक्रवार को दोपहर का भोजन करने के बाद करीब आधा घंटा रुकने के बाद लौटे।
सेना प्रमुख एमएम नरवणे ने भुंतर एयरपोर्ट की विजिटर बुक में एयरपोर्ट की प्रशंसा भी की। रविवार को वेस्टर्न कमांड के मुख्य जनरल रणवीर सिंह के हेलीकॉप्टर ने भी भुंतर से उड़ान भरी। भुंतर एयरपोर्ट के निदेशक नीरज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि शनिवार को भुंतर हवाई अड्डे में नौ हेलीकॉप्टरों ने लैंडिंग की। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी हेलीकॉप्टर से रविवार को शिमला रवाना हुए हैं।