इस साल से निदेशालय ने 14 साल के कम आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ब्लॉक, जिला और राज्य स्तर पर शतरंज प्रतियोगिताएं करवाने का फैसला लिया है। नवंबर महीने में जिला मंडी के गोहर स्कूल में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के सरकारी स्कूलों में शनिवार को बैग फ्री डे मनाया जाएगा। स्कूलों में नियमित पढ़ाई के अलावा खेलकूद, सांस्कृतिक और चित्रकला प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इसी कड़ी में लालपानी स्कूल में शतरंज प्रतियोगिता होगी।
प्रतियोगिता के आयोजक राजेश ठाकुर ने बताया कि सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। शतरंज प्रतियोगिता में बारहवीं कक्षा के 41, ग्यारहवीं के 27, दसवीं के 5, नवीं के नौ, आठवीं के पांच और सातवीं कक्षा के दो विद्यार्थी भाग लेंगे।
संयुक्त निदेशक हितेश आजाद ने बताया कि इस खेल से विद्यार्थियों का मानसिक विकास होगा, एकाग्रता बढ़ेगी, लंबे समय तक बैठने की आदत का विकास होगा, सही समय पर सही निर्णय लेने की क्षमता बढ़ेगी और चुनौतियों को स्वीकार करने की आदत पैदा होगी।
स्टाफ के लिए कल होगी प्रतियोगिता
शिक्षा निदेशालय के स्टाफ के लिए रविवार को शतरंज प्रतियोगिता होगी। रोजाना की दिनचर्या से राहत देने और दिमाग को एकाग्र करने के लिए निदेशालय प्रतियोगिता करवा रहा है।