इंडियन प्रिंसेस हिमाचल के गोहर की चांदनी शर्मा की डेब्यू फिल्म द डार्क लाइट की स्क्रीनिंग ने यूएसए के मोंटगोमरी में शनिवार को धूम मचा दी। ऑस्कर स्क्रीनिंग के लिए मोंटगोमरी में देश-विदेश की चुनिंदा 25 फिल्मों में चांदनी की द डार्क लाइट फिल्म की स्क्रीनिंग को देखकर दर्शक भावुक हो उठे। फिल्म प्रदर्शन से मिली प्रशंसा से चांदनी बेहद उत्साहित हैं।
मोंटगोमरी से फोन पर ‘अमर उजाला’ से बातचीत में चांदनी ने बताया कि दुनिया भर के निर्माता और निर्देशकों ने द डार्क लाइट की कहानी को खूब सराहा। फिल्म में उनके अभिनय को नेचुरल एक्टिंग के तौर पर सराहा गया है। फिल्म के भावुक दृश्यों को देखकर दर्शकों की आंखों में पानी आ गया। चांदनी ने बताया कि 118 मिनट की द डार्क लाइट फिल्म बिना गानों, बिना मेकअप की पूरी तरह नेचुरल फिल्म है।