चंबा जिले में सारना के पास खड्ड में नहाने उतरे किशोर का शव आखिरकार वीरवार सुबह 9:00 बजे चट्टान में फंसा मिला। पुलिस और ग्रामीणों ने शव को कड़ी मशक्कत के बाद खड्डे से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल चुवाड़ी पहुंचाया। यहां पर पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव मृतक के परिजनों को सौंपा गया। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने मृतक के परिजनों को एक लाख रुपये की सहायता राशि सौंपी।
चुवाड़ी स्थित शनिदेव मंदिर के पास मैदान में खेलने के लिए मंगलवार दोपहर बाद कृष ठाकुर पुत्र रंजीत ठाकुर गांव दियोली डाकघर सदवां तहसील नूरपुर जिला कांगड़ा अपने दोस्तों के साथ पहुंचा था। देरशाम वह कलम खड्ड में नहाने के लिए उतर गया लेकिन, अचानक पानी के तेज प्रवाह में बह गया। कृष के दोस्तों ने खड्ड में बहता देख जोर-जोर से चिल्लाना आरंभ किया। आवाजें सुनकर ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए।
इस दौरान पुलिस और भटियात प्रशासन को भी सूचना दी गई। सूचना मिलते ही एसडीएम भटियात पारस अग्रवाल, तहसीलदार सुमन धीमान, चुवाड़ी थाना प्रभारी घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों, अग्निशमन विभाग और पुलिस कर्मचारियों ने मिल कर देररात तक उसे तलाशने के लिए सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान उसे तलाशने के लिए ड्रोन की भी मदद भी ली गई जिसमें सफलता नहीं मिल पाई।
ऐसे में वीरवार को खड्ड में पानी का जलस्तर कम होने पर ग्रामीणों और पुलिस की टीमों ने किशोर को तलाशना शुरू किया। सुबह 9:00 बजे के करीब मृतक का शव चट्टान के बीच फंसा मिला। उपमंडलाधिकारी नागरिक पारस अग्रवाल ने खबर की पुष्टि की है। पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।