चंबा जिले के भरमौर की गैरजनजातीय पंचायत कूंर की काजल शर्मा ने एम्स में नर्सिंग ऑफिसर का मुकाम हासिल किया है। काजल अब विजयपुर स्थित एम्स जम्मू में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर सेवाएं देंगी।
हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमौर की गैरजनजातीय पंचायत कूंर की काजल शर्मा ने एम्स में नर्सिंग ऑफिसर का मुकाम हासिल किया है। काजल अब विजयपुर स्थित एम्स जम्मू में नर्सिंग ऑफिसर के पद पर सेवाएं देंगी। काजल ने राष्ट्रीय स्तर पर अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान की परीक्षा उत्तीर्ण की है। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। काजल शर्मा ने बताया कि वह 8 से 10 घंटे रोजाना पढ़ाई करती थीं और अपनी लक्ष्य को सामने रखते हुए लगातार वह आगे बढ़ती रही कई चुनौतियां उनके सामने आईं, लेकिन उन्होंने सभी को पीछे छोड़ते हुए अपना मुकाम हासिल किया है।
विज्ञापन
काजल ने बताया कि पंचकुला से नर्सिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद वह राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की तैयारी में जुट गई थीं। परीक्षा के प्रथम चरण में देशभर से करीब एक लाख उम्मीदवारों ने हिस्सा लिया था, जिसमें से लगभग 20, 000 का चयन हुआ। अंतिम चरण में 4,000 ही परीक्षा में सफल हुए। काजल की माता सरिता ग्राम पंचायत कूंर में बतौर सिलाई अध्यापिका कार्यरत हैं, जबकि पिता राजकुमार लोक निर्माण विभाग में कार्यरत हैं। बेटी की इस उपलब्धि के बाद परिवार को लोग बधाइयां दे रहे हैं।