खलीनी में ट्रैफिक मजिस्ट्रेट का नाका
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
राजधानी शिमला में यातायात नियमों को ताक पर रखकर कुछ निजी बसों का संचालन किया जा रहा है। खलीनी के पास गुरुवार को निरीक्षण के दौरान पकड़ी गई बसों के चालक-परिचालक वर्दी में नहीं मिले, एक कंडक्टर लाइसेंस भी नहीं दिखा पाया। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए मौके पर 6 निजी बसों के चालान काटे गए।
ट्रैफिक मजिस्ट्रेट शिमला सोमदेव शर्मा ने बसों में दोबारा अनियमितताएं पाए जाने पर जब्त करने के आदेश दिए हैं। चक्कर और खलीनी में सुबह 9 से 1 बजे तक की गई कार्रवाई के दौरान करीब 405 वाहनों का निरीक्षण किया गया। यातायात नियमों की अवहेलना करने पर 42 वाहनों के चालान कर 38 रुपये जुर्माना वसूला गया। शहर में चल रहे वाहनों विशेषकर निजी बसों में नियमों के उल्लंघन और अवैध पार्किंग को लेकर ट्रैफिक मजिस्ट्रेट शिमला की टीम ने यह कार्रवाई की है। इस दौरान बसों के दस्तावेजों की जांच भी की गई।
यात्रियों को टिकटें भी नहीं दिए थे। निरीक्षण के दौरान बसों में यात्रियों को किराये के एवज में कंडक्टरों से टिकट मांगने को लेकर जागरूक भी किया गया। बिना टिकट यात्रा करने वाले यात्रियों को भी जुर्माना हो सकता है। कुछ बसों में कंडक्टरों ने सवारियों को टिकट देने शुरू कर दिए हैं, लेकिन अभी भी कई बसों में यात्रियों को टिकट नहीं दिए जा रहे हैं।
नाके का पता चलते ही खड़ी कर दी बसें
ट्रैफिक मजिस्ट्रेट के नाके की खबर व्हाटसएप पर तुरंत बस ऑपरेटरों और चालक-परिचालकों तक पहुंच गई। कार्रवाई से बचने के लिए बस ऑपरेटरों ने अपनी बसें सड़क किनारे खड़ी कर दीं। लोकल बस स्टैंड से टॉलैंड होते हुए पंथाघाटी जाने वाली बसें न चलने से यात्रियों को परेशानी भी झेलनी पड़ी। नाका हटने के बाद दोबारा बसें रूटों पर चलाई गईं।
चक्कर रोड पर बेतरतीब वाहन पार्क, 15 चालान
बैरियर तवी मोड़ के पास हाईवे पर चक्कर क्षेत्र में बेतरतीब खड़े किए गए 15 वाहनों के 1-1 हजार रुपये के चालान काटे गए। इस दौरान करीब 7 चालान बिना सीट बेल्ट और 4 चालान वाहनों में अतिरिक्त लाइट लगाने के काटे गए। इसमें 5-5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया। पुलिस को सड़क पर अवैध पार्किंग न होने के निर्देश दिए।