बहादुर बच्चों को केंद्र सरकार एक लाख रुपये इनाम देगी। वित्त वर्ष 2017-18 में बाल विकास के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय दो पुरस्कार प्रदान करेगा। राष्ट्रीय बाल पुरस्कार के लिए सात सितंबर तक आवेदन करना होगा। सिरमौर के उपायुक्त ललित जैन ने बताया कि राष्ट्रीय बाल पुरस्कार और राष्ट्रीय बाल कल्याण पुरस्कार व्यक्तिगत और संस्थानिक तौर पर दिए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय बाल पुरस्कार उन मेधावी बच्चों को दिए जाएंगे, जिन्होंने नवाचार, स्कूल गतिविधियों, खेल, कला-संस्कृति, समाजसेवा तथा बहादुरी के क्षेत्र में अति उत्कृष्ट कार्य किए हों। इसमें एक मेडल, एक लाख रुपये नकद तथा 10 हजार रुपये के बुक वाउचर, प्रमाणपत्र और स्मृति चिन्ह दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पुरस्कार के लिए पांच वर्ष से अधिक और 18 वर्ष तक आयु वर्ग के बच्चे पात्र होंगे।
राष्ट्रीय बाल कल्याण पुरस्कार व्यक्तिगत उन व्यक्तियों को दिए जाएंगे, जिन्होंने बाल विकास, बाल संरक्षण तथा बाल कल्याण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया हो। जिससे बच्चों के जीवन पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा हो। उन्होंने बताया कि इस पुरस्कार के अंतर्गत एक लाख रुपये नकद, एक स्मृति चिन्ह तथा प्रमाण पत्र दिया जाएगा। यह पुरस्कार 18 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्ति को दिया जाएगा। इसके अलावा संस्थानिक पुरस्कार उन संस्थाओं को दिया जाएगा, जिन्होंने बाल विकास तथा बाल संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान दिया हो।
उन्होंने बताया कि इस वर्ग में तीन पुरस्कार दिए जाएंगे। इनमें प्रत्येक पुरस्कार प्राप्त कर्ता को पांच लाख रुपये नगद, स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि बाल विकास तथा बाल संरक्षण क्षेत्र में कार्य करने वाली संस्था को दस वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
बताया कि पुरस्कार प्राप्त करने के लिए आवेदन अथवा सिफारिशें 7 सितंबर तक संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी अथवा जिला कार्यक्रम अधिकारी सिरमौर के कार्यालय को भेजी जा सकती हैं।