वहीं, दाड़लाघाट में मालभाड़े की दरों को लेकर ट्रक ऑपरेटरों और अंबुजा सीमेंट कंपनी का विवाद जारी है। शुक्रवार को भी दाड़लाघाट में ट्रक ऑपरेटरों ने धरना-प्रदर्शन किया। उन्होंने अंबुजा गेट से लेकर बस अड्डे और स्यार होते हुए वापस अंबुजा गेट तक रोष रैली निकाली। इससे कुछ देर तक बाजार में रुक-रुक कर जाम भी लगता रहा। अंबुजा गेट पर दो घंटे तक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान अदाणी समूह के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की गई।
केंद्र और प्रदेश सरकार से मामले में हस्तक्षेप कर जल्द इसे सुलझाने की भी मांग उठाई गई। मांगल लैंड लूजर्स एंड इफेक्टिड सोसायटी के सचिव हंसराज चौहान ने कहा कि सरकार उनकी मांगों को लेकर गंभीर दिखाई नहीं दे रही है। बीते काफी समय से ऑपरेटर धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं, मगर सहमति नहीं बन रही है। कहा कि अंबुजा प्रबंधक इसी तरह का अड़ियल रवैया अपनाता रहेगा तो जल्द ऑपरेटर आंदोलन उग्र करेंगे। इसमें महापंचायत और चक्का जाम होगा।
सीमेंट प्लांट बंद करने के विरोध में आंदोलन कर रहे ट्रक ऑपरेटर अब प्रदेश और केंद्र सरकार को घेरने की रणनीति बनाने में जुट गए हैं। ऑपरेटर संघ के नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि मामला जल्द नहीं सुलझा तो प्रदेश की सीमाएं सील कर दी जाएंगी। किसी मालगाड़ी को प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।शुक्रवार को बरमाणा बीडीटीएस कार्यालय में सभा के प्रधान राकेश ठाकुर की अध्यक्षता में बैठक हुई। यह करीब तीन घंटे चली। इसमें सरकार के उदासीन रवैये और सरकार की अधिकृत हिमकॉन एजेंसी की रिपोर्ट पर चर्चा की गई। एक बार फिर मुख्यमंत्री से मिलने का निर्णय लिया गया। केंद्र और प्रदेश सरकार को भी घेरने का खाका तैयार करने का निर्णय किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि अगर मामला जल्द नहीं सुलझा तो अदाणी समूह का सीमेंट हिमाचल में नहीं आने देंगे।
हिमाचल की सीमाओं को सील करने की तैयारी की जाएगी। बैठक में मालभाड़े को लेकर सुझाए गए फार्मूले पर भी चर्चा की गई। सभा के महासचिव प्रदीप ठाकुर ने कहा कि मामले में सरकार कोई फैसला नहीं ले रही है। बरमाणा में करीब 3800 ट्रक सीमेंट और क्लींकर की ढुलाई में लगे हैं। इनमें करीब 87 प्रतिशत ट्रक ऐसे हैं, जो कर्ज पर चल रहे हैं। बैठक में वरिष्ठ उपप्रधान कमल किशोर, उपप्रधान जय सिंह ठाकुर, कोषाध्यक्ष सुरेश चौधरी, मुख्य संरक्षक अनिल हैपी, वाइस चेयरमैन गंगा सिंह ठाकुर, चीफ कोषाध्यक्ष संतोष ठाकुर, सह सचिव विकास भार्गव, सह कोषाध्यक्ष और प्रवक्ता राजपाल ठाकुर, चीफ सेक्रेटरी कुलदीप ठाकुर उपस्थित रहे।