ट्रक यूनियन का प्रदर्शन।
- फोटो : संवाद
वहीं, देहरा के विधायक होशियार सिंह के विवादित बयान के बाद सोमवार को कांगड़ा और ऊना की करीब एक दर्जन ट्रक यूनियन के सदस्यों ने देहरा में नारेबाजी की। दोनों जिलों के विभिन्न यूनियनों के सैकड़ों लोग देहरा पहुंचे और हनुमान चौक देहरा से लेकर मिनी सचिवालय तक दी ग्रीन वैली माल वाहक परिवहन सीमित के नेतृत्व में आक्रोश रैली निकाली और होशियार सिंह के खिलाफ नारेबाजी की। गगरेट ट्रक यूनियन के प्रधान सतीश गोगी के नेतृत्व में एसडीएम देहरा संकल्प गौतम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से सरकार से मांग की गई है कि ऐसे बयानों पर लगाम लगाई जाए। इस तरह के बयानों से माहौल खराब होता है। यदि दस दिन के भीतर होशियार सिंह माफी नहीं मांगते हैं तो पूरे हिमाचल में ट्रक यूनियन विधायक होशियार सिंह का विरोध करेंगे।
हिम ट्रक ऑपरेटर्स सोसायटी इसपुर (हरोली) के सदस्य पंकज दत्ता ने कहा कि विधायक होशियार सिंह के बयानों के कारण प्रदर्शन करने को मजबूर होना पड़ रहा है। पंकज दत्ता ने विधायक होशियार सिंह से सवाल किया कि आप भी जिला ऊना में फैक्टरी चलाते हैं, बताएं आपने किस यूनियन को काम दिया। आप बाहरी ट्रकों को बुलाते हैं। इधर, गगरेट ट्रक यूनियन के प्रधान सतीश गोगी ने कहा कि प्रदर्शन को देखकर विधायक होशियार सिंह अपने बयानों से मुकर रहे हैं। जिस भाषा का इस्तेमाल इन्होंने ट्रक चालक और संचालकों को के लिए किया था, उसी भाषा का इस्तेमाल हम कर रहे हैं।