जिला उपायुक्त कार्यालय में सीसीटीवी के जरिये अधिकारियों के कामकाज पर नजर रखी जाएगी। अफसरों के कमरे के बाहर मिलने के लिए कितने लोगों की भीड़ जुटी है और कितनी देर से इंतजार कर रहे हैं, इनकी जानकारी सीसीटीवी के माध्यम से सीधे उपायुक्त को मिलेगी। मौजूदा समय में उपायुक्त ने यह व्यवस्था अपने कार्यालय में कर दी है।
कैमरे में देखकर उपायुक्त को आसानी से पता चल जाता है कि कितने लोग बाहर उनसे मिलने आए हैं। जल्द ही एडीसी, एडीएम और एसडीएम कार्यालय के बाहर भी यह सीसीटीवी लगा दिए जाएंगे। इससे अफसरों की कार्यप्रणाली पर भी उपायुक्त सीधी नजर रख पाऐंगे।
उपायुक्त ने साफ किया है कि यह टीम वर्क रहता है सभी अनुशासन में रहे और कोई भी फाइल को जानबूझ कर फंसाये या उसे करने में देरी न करें। ड्यूटी के दौरान कोई भी अधिकारी और कर्मचारी काम के प्रति लापरवाह न रहे।
अगर आम जनता के काम करने से कोई टाल मटोल करता है या फिर ड्यूटी टाइम में अपनी सीट पर नहीं मिलते हैं तो कोई भी व्यक्ति सीधे उनसे आकर मिल सकते हैं। उन्होंने साफ किया कि किसी भी तरह की अनुशासनहीनता कार्यालय में बर्दाश्त नहीं होगी।
जिला का विकास करने के लिए जल्द ही उपायुक्त ब्लॉक स्तर पर जाकर जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से रूबरू होंगे और उनकी समस्याओं को जानेंगे उसके बाद समस्या को दूर करने के लिए प्रस्ताव तैयार करेंगे। शुरूआती चरण में बंसतपुर, मशोबरा और ठियोग का दौरा करेंगे।
मौजूदा समय में उपायुक्त का पूरा ध्यान अभी कार्यालय की कार्यप्रणाली को दुरुस्त करने का है, उसके बाद ही जिला का दौरा करेंगे। उपायुक्त शिमला रोहन चंद ठाकुर ने कहा कि अभी उन्हें जिला की कार्यप्रणाली को समझने में थोड़ा
वक्त लगेगा। फिलहाल उनका फोक्स उपायुक्त कार्यालय पर है। जल्द ही वह ब्लाक स्तर पर जाकर जन प्रतिनिधियों और आम लोगों से मिलकर बात करेंगे।