विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये देने की घोषणाएं कीं
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। ग्रामीण हल्कों में बने पंचायत घर अब सीसीटीवी कैमरों से लैस होंगे। पंचायत घरों की सुरक्षा को लेकर यह फैसला लिया गया है। ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज मंत्री ने शुक्रवार को मांजू डाबरी और कोहलू जुब्बड़ (तारापुर) में नए पंचायत घर के लोकार्पण पर यह बात कही। उन्होंने विकास कार्यों के लिए लाखों रुपये की घोषणाएं भी कीं।
मंत्री ने कहा कि पंचायत घरों में महत्वपूर्ण रिकार्ड रहता है, ऐसे में तीसरी आंख के पहरे से यहां पर 24 घंटे निगरानी हो सकेगी। कैबिनेट मंत्री दोपहर बाद यहां आए। मंत्री ने बताया कि मांजू डाबरी का नया पंचायत घर एक करोड़ 14 लाख रुपये की लागत से बना है। दो मंजिला नए पंचायत घर में पुस्तकालय, बैठक हॉल, सम्मेलन हॉल, प्रधान कक्ष, पंचायत सचिव, तकनीकी सहायक, मनरेगा सहायक, रसोई घर और शौचालय की व्यवस्था है। मंत्री ने यहां पर गुम्मा-कंडा सड़क का शिलान्यास भी किया। उन्होंने कहा कि पंचायत घर जनता के होते हैं। पंचायतों के नए हॉल और परिसर का इस्तेमाल स्थानीय जनता शादी समारोह या अन्य कार्यक्रमों के लिए करें। हालांकि पंचायतें इसके लिए शुल्क निर्धारित करें ताकि पंचायत को इसकी आय हो सके। मंत्री ने नए पंचायत घर के लिए डेढ़ लाख रुपये फर्नीचर खरीद के लिए देने की घोषणा की।
उन्होंने कहा कि कंडा क्यालू सड़क के लिए तुरंत मशीनरी तैनाती होगी। श्मशान घाट रास्ते के लिए 2 लाख देने की घोषणा की तथा बताया कि बल्देयां-मानड़ सड़क के लिए 17.14 करोड़ की सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है। इसके अलावा रामनगरी से कटली मार्ग का शिलान्यास किया और कोहलू जुब्बड़ पंचायत के नए पंचायत घर का लोकार्पण किया। टिकरी से क्यार कोटी रास्ते के लिए 2 लाख रुपये देने की घोषणा की। इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी मशोबरा अंकित कोटिया, बीडीसी चेयरमैन मशोबरा चंद्रकांता वर्मा, पार्षद नरेंद्र ठाकुर, विशाखा मोदी, प्रधान रेणु वर्मा, उपप्रधान सत्य प्रकाश, प्रधान तनु वर्मा, प्रधान मदन, उपप्रधान हरीश, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राम कृष्ण शांडिल और किसान कांग्रेस अध्यक्ष राज कमल शर्मा मौजूद रहे।