गुड़िया की दुराचार के बाद हत्या मामले की जांच के लिएसीबीआई टीम ने हलाइला में सोमवार को 20 नेपालियों और 6 स्थानीय लोगों के ब्लड सैंपल लिए हैं। बेस बैंप बनाकर हलाइला में डटी सीबीआई ने स्थानीय डाक्टरों को बुलाकर सैंपल एकत्रित किए।
बताया जा रहा है कि शाम पांच बजे तक इन सैंपलों को सील बंद कर जांच के लिए दिल्ली भेज दिया गया है। मामले की जांच के लिए सीबीआई की टीम में 5 नए अफसर शामिल किए गए हैं। दो दिनों से यह पांचों अफसर पुरानी सीबीआई टीम के साथ हलाइला में ही कैंप किए हुए हैं।
सभी अफसरों ने फारेस्ट रेस्ट हाउस में अपना ठिकाना बनाया हुआ है। जांच के तमाम पहलुओं पर टीम लगातार नजर बनाए हुए है। सीबीआई के तीन अफसरों ने सोमवार को उस घटनास्थल का निरीक्षण भी किया जहां गुड़िया का शव बरामद हुआ था।
स्थानीय लोगों के साथ आए नेपाली
सीबीआई की टीम ने रविवार को हलाइला और आसपास के गांव के बागवानों से आग्रह किया कि वह उनके पास काम करने वाले सभी नेपालियों को रेस्ट हाउस लेकर आएं। ऐसे में कई नेपाली अपने मालिकों के साथ रेस्ट हाउस पहुंचे थे।