जोगिंद्रनगर (मंडी)। उपमंडल के पाबो गांव में शरारती तत्वों ने एक गाड़ी में आग लगा दी। इससे गाड़ी पूरी तरह से जल गई है। गाड़ी मालिक को कुछ शरारती तत्वों ने गाड़ी जलाने की धमकी दी थी। अंदेशा जताया जा रहा है कि उन्हीं ने शायद वाहन को फूंका है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
धार पंचायत के गांव पाबो में शुक्रवार रात एक गाड़ी को जलाने का मामला प्रकाश में आया है। शरारती तत्वों ने एक खड़ी गाड़ी को उस समय आग के हवाले कर दिया जब गाड़ी का मालिक किसी निजी काम से पधर गए था। गाड़ी पवन कुमार पुत्र जयदेव शर्मा निवासी पाबो के नाम है। इसे इनके बड़े भाई विनोद कुमार भी चलाते हैं। सूचना मिलते ही बस्सी चौकी से पुलिस दल रात को ही मौके पर पहुंच कर छानबीन में जुट गया।
पवन ने बताया कि पंचायत चुनावों के दौरान गांव के ही दो लोगों से बहस हुई थी। उन्होंने गाड़ी जला देने की धमकी दी थी। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। पुलिस थाना प्रभारी संदीप शर्मा ने मामले की पुष्टि की है।