तीन दिन पहले 35 रुपये किलो मिल रहे थे दाम
संवाद न्यूज एजेंसी
जुन्गा (शिमला)। शिमला मिर्च के दामों में दो गुना वृद्धि होने से जुन्गा क्षेत्र के किसान खुश हैं। प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी सोलन में वीरवार को शिमला मिर्च 70 रुपये प्रतिकिलो तक बिकी। तीन दिन पहले शिमला मिर्च 30 से 35 रुपये प्रतिकिलो बिक रही थी। एक सप्ताह पहले शिमला मिर्च को 15 रुपये किलो दाम मिलेे थे। अब दामों में बढ़ोतरी होने से किसानों में उत्साह है।
जुन्गा क्षेत्र से टमाटर, शिमला मिर्च और फ्रासबीन की फसलें प्रदेश की सबसे बड़ी सब्जी मंडी सोलन के अतिरिक्त दिल्ली, पानीपत तथा चंडीगढ़ मंडियों में भी भेजी जा रही हैै। अच्छी किस्म की फ्रासबीन 70 रुपये प्रति किलो बिकी। टमाटर सोलन और सनौरा मंडी में 500 से 800 रुपये प्रति क्रेट तक बिका। एक क्रेट में 20 से 22 किलो टमाटर होता है। प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से इन दिनों सब्जी मंडियों में टमाटर की आपूर्ति बढ़ गई है। हर रोज करीब 6 से 10 हजार क्रेट टमाटर मंडियों में पहुंच रहा है। प्रगतिशील किसान मनोहर सिंह ठाकुर और प्रीतम सिंह ठाकुर सहित अनेक किसानों ने बताया कि यदि टमाटर, फ्रासबीन और शिमला मिर्च के रेट स्थिर रहे तो किसानों को अच्छा लाभ होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि बीते सप्ताह टमाटर की क्रेट अधिकतम 14 सौ रुपये में बिकी थी जोकि अब घटकर करीब 800 रुपये तक बिक रही है। आढ़ती विनोद शर्मा ने बताया कि टमाटर और शिमला मिर्च की आपूर्ति बढ़ने से दाम घट भी सकते हैं। बीते वर्ष की तुलना में इस वर्ष किसानों को नकदी फसलों के अच्छे दाम मिल रहे हैं। लहसुन के दाम में बीते एक माह से कोई बढ़ोतरी नहीं हुई है। सोलन सहित अन्य मंडियों में सबसे बढ़िया क्वालिटी का लहसुन 110 रुपये प्रति किलो तक बिका। मध्यम स्तर का लहसुन 60 से 80 और लहसुन की गोलियां 40 से 60 रुपये तक बिकी।