बेरोजगार शिक्षकों ने राज्य लोकसेवा आयोग से वाणिज्य संकाय स्कूल लेक्चरर (न्यू) भर्ती परीक्षा को रद्द करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आयोग की ओर से तीन फरवरी को ली गई भर्ती परीक्षा विवादों में ही घिरी रही है। बेरोजगार शिक्षकों में कपिल कुमार, रमेश ठाकुर, मनजीत कुमार, संतोष कुमारी, इंदु कुमारी तथा अन्य बेरोजगार शिक्षकों ने कहा कि हाल ही में प्रवक्ता हिंदी की परीक्षा का प्रश्नपत्र भी रद्द कर दिया गया है।
आयोग वाणिज्य संकाय के प्रवक्ताओं की परीक्षा अंग्रेजी माध्यम से आयोजित कर चुका है, बल्कि यह परीक्षा पहले हिंदी और अंग्रेजी दोनों तरह से ली जाती थी। अभ्यर्थियों के आग्रह पर भी यह परीक्षा निरस्त नहीं की गई।
कहा कि बहुत से बेरोजगारों की अगली परीक्षा तक आयु 45 वर्ष से अधिक हो जाएगी। इससे पहले भी बाहरी राज्यों के अभ्यर्थियों के कारण आवेदन प्रक्रिया रद्द हो चुकी है। बाद में सरकार ने हिमाचल से दसवीं और बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण की शर्त लागू की थी। इस परीक्षा में लगभग 2550 अभ्यर्थियों ने भाग लिया था।
इनमें करीब एक हजार अभ्यर्थी जल्द 45 वर्ष की आयु पूरी कर लेंगे। लोक सेवा आयोग ने उच्च शिक्षा निदेशक को पत्र भेजकर स्कूल प्रवक्ता भर्ती के लिए शैक्षणिक योग्यता स्पष्ट करने और आरएंडपी नियम संशोधन करने को कहा है। वाणिज्य अभ्यर्थियों ने कहा कि जल्द मुख्यमंत्री से मिलकर इस परीक्षा को रद्द करवाने की मांग की जाएगी।