डा. यशवंत सिंह परमार राजकीय पीजी कालेज नाहन में युवा महोत्सव का शानदार आगाज हुआ। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय स्तरीय प्रतियोगिता युवा महोत्सव में 47 कालेजों के विद्यार्थी अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाएंगे।
कार्यक्रम का शुभारंभ उच्चतर शिक्षा विभाग के सेवानिवृत्त प्राचार्य एवं पर्यावरणविद् डा. सुरेश चंद्र जोशी ने किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि डा. जोशी ने कहा कि छात्र जीवन में सफलता के लिए साधन के साथ साधना का होना भी जरूरी है।
इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को सफलता के सूत्र से परिचय कराया। डा. जोशी ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को मानवता का पाठ पढ़ाया और जीवन में आगे बढने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर प्राचार्य डा. वीणा राठौर ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया। उन्होंने युवा महोत्सव में भाग लेने पहुंचे विभिन्न कालेजों के विद्यार्थियों को सफ लता की शुभकामनाएं दी।
कार्यक्रम की संयोजक सचिव प्रो. अंजू अग्रवाल ने बताया कि युवां महोत्सव के पहले दिन भाषण प्रतियोगिता में 40 और कार्टून निर्माण प्रतियोगिता में 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
उन्होंने बताया कि युवां महोत्सव के दूसरे दिन बुधवार को वाद-विवाद प्रतियोगिता, मिट्टी से प्रतिमा निर्माण प्रतियोगिता, प्रश्नोत्तरी व पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
इस दौरान डिप्टी डायरेटर सुधाकर शर्मा, सेवानिवृत्त प्राचार्य प्रो. जोगीराम तोमर, रिटायर्ड प्रो. इंद्रजीत, उप प्राचार्य प्रो. चंद्रिका बंसल, वरिष्ठ प्राध्यापक हेमंत कुमार, डा. राजेश त्रहेन, प्रो. नीलधामंतप शर्मा समेत दर्जनों कालेजों के प्राध्यापक व विद्यार्थी उपस्थित रहे।