हिमाचल प्रदेश तकनीकी विश्वविद्यालय हमीरपुर योग और पत्रकारिता की पढ़ाई शुरू करने जा रहा है। विवि में इस शैक्षणिक सत्र से दोनों विषयों में मास्टर डिग्री कोर्स शुरू होंगे। प्रारंभिक चरण में विवि अपने कैंपस में 30-30 सीटों पर दाखिला प्रक्रिया शुरू करेगा। अगर इन दोनों विभागों में युवाओं का रुझान ठीक रहा तो आने वाले समय में सीटें बढ़ाई जाएंगी।
योग और पत्रकारिता इन दोनों विषयों में पढ़ाई करने वाले युवाओं के लिए सरकारी और निजी क्षेत्र में रोजगार के बेहतर अवसर हैं। स्कूल और कॉलेजों में भी योग कक्षाएं और पत्रकारिता की पढ़ाई करवाई जा रही है। इसके चलते तकनीकी विवि ने अपने कैंपस में इन दोनों विषयों को शुरू करने का निर्णय लिया है।
इससे न केवल हमीरपुर जिला बल्कि अन्य जिलों के युवाओं को भी इन दोनों विषयों में भविष्य संवारने का मौका मिलेगा। उधर, हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि के कुलपति प्रो. एसपी बंसल ने कहा कि विवि ने अपने कैंपस में योग और पत्रकारिता विषय में डिग्री कोर्स शुरू करने का निर्णय लिया है। इस शैक्षणिक सत्र से इन दोनों विभागों में दाखिले शुरू होंगे।
तकनीकी विवि का युवा उत्सव 1 मई को
हिमाचल प्रदेश तकनीकी विवि का यूथ फेस्टिवल 1 मई 2019 को होगा। विवि ने युवा उत्सव को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। हर साल की तरह इस बार भी युवा उत्सव का आयोजन निजी महाविद्यालय में होगा। इस युवा उत्सव में प्रदेश भर के महाविद्यालयों के सैकड़ों प्रतिभागी भाग लेंगे। इस बार गौतम कॉलेज हमीरपुर में युवा उत्सव का आयोजन होगा।