स्कूली विद्यार्थियों की विज्ञान विषय में रुचि बढ़ाने को केंद्र सरकार 25 और 28 नवंबर को विद्यार्थी विज्ञान मंथन परीक्षा-2018 करवाएगी। छठी से जमा एक कक्षा के विद्यार्थी इसमें भाग ले सकते हैं। हिमाचल में नेशनल टैलेंट सर्च एग्जामिनेशन के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय ने जिला उपनिदेशकों को पत्र जारी कर विद्यार्थियों को जागरूक करने के आदेश दिए हैं।
स्कूल, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर नतीजे घोषित कर पुरस्कार दिए जाएंगे। इच्छुक विद्यार्थी तीस सितंबर तक आवेदन कर सकते हैं। पहली से 15 अक्तूबर तक सौ रुपये लेट फीस के साथ आवेदन करना होगा।
उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. अमरजीत कुमार शर्मा ने बताया कि बच्चों में विज्ञान के प्रति रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से परीक्षा करवाई जा रही है। स्मार्ट फोन, लैपटॉप, डेस्कटॉप (स्कूल लैब) और टैबलेट के माध्यम से विद्यार्थी ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे। परीक्षा में भाग लेने के लिए vvm.org.in वेबसाइट के माध्यम से आवेदन करना होगा।
ये पूछे जाएंगे सवाल
दो घंटे की परीक्षा में विद्यार्थियों से मल्टीपल च्वाइस के सौ सवाल पूछे जाएंगे। हर सवाल का एक नंबर होगा। छठी से आठवीं कक्षा का जूनियर वर्ग और नौवीं से जमा एक कक्षा का सीनियर वर्ग रहेगा। एनसीईआरटी पाठ्यक्रम के विज्ञान और गणित विषय से 50 फीसदी सवाल पूछे जाएंगे।
भारत का विज्ञान में योगदान को लेेकर 20 फीसदी, डॉ. मेघानद साहा और श्रीनवास रामानुज के जीवन पर आधारित 20 फीसदी और लॉजिक तथा रिजनिंग के 10 फीसदी सवाल पूछे जाएंगे।
इतनी मिलेगी पुरस्कार राशि
स्कूल स्तर दोनों वर्गों से परीक्षा में अव्वल तीन-तीन विद्यार्थियों को मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा। जिला स्तर पर परीक्षा से भी अव्वल विद्यार्थियों में दोनों वर्गों से तीन-तीन को चुन कर मेरिट सर्टिफिकेट दिया जाएगा। जिलों में टॉप करने वाले विद्यार्थियों का राज्य स्तरीय परीक्षा के लिए चयन होगा।
तीन राज्य स्तरीय विजेताओं को क्रमानुसार पांच, तीन और दो हजार रुपये नकद इनाम और स्टेट लेवल सर्टिफिकेट दिया जाएगा। राज्य के दो विजेता राष्ट्रीय स्तर पर मुकाबला करेंगे। राष्ट्रीय विजेता को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार मिलेगा।