सीडीएस और जूनियर इंजीनियर सिविल की परीक्षा एक ही दिन होने से अभ्यर्थियों में असमंजस की स्थिति पैदा हो गई है। हिमाचल प्रदेश कर्मचारी आयोग ने जेई सिविल के लिए 18 नवंबर को परीक्षा तिथि तय की है। वहीं यूपीएसई की सीडीएस परीक्षा भी 18 नवंबर को ही है।
ऐसे में दोनों परीक्षाएं देने के सैकड़ों इच्छुक अभ्यर्थी असमंजस में फंस गए हैं। दो परीक्षाओं के साथ होने से उन्हें एक से वंचित रहना पड़ सकता है। अभ्यर्थियों ने प्रदेश कर्मचारी आयोग से जेई की परीक्षा तिथि में बदलाव की मांग की है। ताकि अभ्यर्थी दोनों परीक्षाओं में बैठ सकें।
मनोज कुमार, श्रेयांश, अभय एवं अभिभावकों संजय कुमार, विनोद कुमार का कहना है कि एक ही दिन में दोनों परीक्षाएं होने से परेशानी झेलनी पड़ रही है। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे दोनों परीक्षाएं देने के इच्छुक हैं। ऐसे में उन्हें किसी एक परीक्षा का ही चुनाव करना पड़ेगा।
उन्होंने प्रदेश कर्मचारी आयोग से जेई की परीक्षा की तिथि में बदलाव की मांग की है। ताकि अभ्यर्थी दोनों परीक्षाएं दे सकें। इस संबंध में प्रदेश कर्मचारी आयोग के चेयरमैन ब्रिगेडियर सतीश कुमार ने कहा कि इस बारे कोई शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। इस बारे में पता कर निर्णय लिया जाएगा।