सलोह के वन विहारी नंद ब्रह्मचारी मॉडल स्कूल में चल रही 60वीं राज्य स्तरीय अंडर-19 खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन सोमवार को खिलाड़ियों ने खूब दमखम दिखाया। हैंडबॉल प्रतियोगिता में ऊना की टीम स्टेट चैंपियन घोषित की गई।
इस मुकाबले के तहत ऊना की टीम ने स्पोर्ट्स हॉस्टल बिलासपुर की टीम को चित करते हुए स्टेट चैंपियन का खिताब हासिल किया। वहीं ऊना की ही टीम ने बिलासपुर की टीम को हराते हुए इंटर डिस्ट्रिक्ट प्रतियोगिता अपने कब्जे में की।
इसी तरह हॉकी के मुकाबले में ऊना की टीम ने सिरमौर की टीम को शिकस्त देते हुए विजेता का खिताब हासिल किया। इसी तरह बॉक्सिंग के मुकाबले में शिमला की टीम ओवरऑल चैंपियन रही। वहीं, मंडी की टीम दूसरे स्थान पर रही।
जूडो के मुकाबले में बिलासपुर की टीम ने विजेता का खिताब हासिल किया। इसी तरह बास्केटबॉल के मुकाबले में ऊना की टीम सिरमौर की टीम को हराते हुए विजेता बनी। इसी तरह फुटबाल के फाइनल मुकाबले में ऊना की टीम ने सिरमौर को दो एक से हराया।
इस प्रतियोगिता में फुटबॉल, हॉकी, हैंडबाल, बास्केटबॉल, जुडो व बॉक्सिंग के मुकाबले करवाए जा रहे हैं। प्रतियोगिता का मंगलवार को संयुक्त निदेशक प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय भजन सिंह समापन करेंगे।
इस अवसर पर मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य रूप चंद शर्मा, असिस्टेंट निदेशक फिजीकल एजूकेशन पीएस धोटा, डिप्टी डायरेक्टर भूप सिंह, एडीपीओ अनिल शर्मा, जगदीश राम, सोमनाथ, यशपाल, अश्वनी, भीष्म, अमरजीत, दर्शन, अजय, संजय, अरुण शर्मा के अलावा खिलाड़ियों के साथ ाहर से आए उनके प्रतिनिधि व आयोजक कमेटी सदस्य मौजूद थे।