हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजी सेमेस्टर सिस्टम की डेटशीट जारी कर दी है। 22 फरवरी से परीक्षाएं शुरू होंगी। इसे छात्र-छात्राओं और शिक्षकों के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। परीक्षा की तिथियों में क्लैश या इससे संबंधित किसी तरह की आपत्तियों को दर्ज करने के लिए बारह फरवरी तक का समय दिया गया है।
परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि बीएससी, बीकॉम, प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाएं 22 फरवरी से शुरू होनी हैं। पुराने सेमेस्टर सिस्टम में होने वाली इन परीक्षाओं की डेटशीट वेबसाइट पर देखी जा सकती है। विश्वविद्यालय को परीक्षा तिथि को लेकर मिलने वाली आपत्तियों के प्राप्त होने के बाद इसमें बदलाव कर 15 फरवरी को परीक्षा की फाइनल डेटशीट को जारी कर दी जाएगी। इसके बाद इसमें कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
बीएससी ऑनर्स की 24 फरवरी से शुरू होगी परीक्षा
अधिसूचना के मुताबिक शास्त्री प्रथम, तृतीय और पांचवें सेमेस्टर की डेटशीट भी जारी कर दी गई है। कोर्स की परीक्षा 22 फरवरी से ही शुरू होगी। बीएससी ऑनर्स की परीक्षा 24 फरवरी से शुरू की जानी है। डेटशीट को लेकर आपत्तियां दर्ज करवाने को भी बारह फरवरी तक का समय दिया गया है।