प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मार्च-2018 की वार्षिक परीक्षा में दो लाख से अधिक बच्चे बैठेंगे। इसमें मैट्रिक में करीब एक लाख 20 हजार, जबकि जमा दो में एक लाख के करीब बच्चे पेपर देंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड वार्षिक परीक्षाओं की तैयारियों में जुट गया है।
परीक्षा के सफल संचालन के लिए अध्यापकों की ड्यूटियां लगाई जाएंगी, जबकि नकल रोकने के लिए विशेष उड़नदस्ते नियुक्त किए जाएंगे। स्कूल शिक्षा बोर्ड से संबद्धता प्राप्त स्कूलों के बच्चों की आवेदन प्रक्रिया के बाद बोर्ड ने रोल नंबर जारी कर दिए हैं। प्रदेश भर के विभिन्न स्कूलों के लिए करीब दो लाख 20 हजार परीक्षार्थियों को रोल नंबर जारी किए गए हैं।
स्कूलों की लोग इन आईडी पर नंबर अपलोड
शिक्षा बोर्ड ने वेबसाइट www.hpbose.org पर स्कूलों के लॉग इन आईडी पर रोल नंबर अपलोड किए हैं। बोर्ड ने सभी स्कूल मुख्य अध्यापकों और प्रधानाचार्यों को वार्षिक परीक्षा में बैठने वाले परीक्षार्थियों की कक्षा बार संख्या को सुनिश्चित करने के आदेश दिए हैं।
साथ ही परीक्षार्थियों के नाम, पिता का नाम, माता का नाम और जन्मतिथि आदि को भी जांचने के आदेश दिए हैं, जिससे रोल नंबर में किसी भी प्रकार की त्रुटि होने पर इसे ठीक किया जा सके। इसके अलावा केंद्रों को सभी परीक्षार्थियों के चयनित संकाय और वैकल्पिक विषय की जांच करने को भी कहा गया है।
मैट्रिक में अशुद्धि होने पर इन नंबरों पर करें फोन
मैट्रिक के परीक्षार्थियों के जारी रोल नंबर में किसी प्रकार की अशुद्धि होने पर मंडी और कांगड़ा (एस-जेड) दूरभाष नंबर 01892-242151, कांगड़ा (ए-आर) दूरभाष नंबर - 242149, हमीरपुर, बिलासपुर और चंबा 242148, शिमला, सिरमौर, लाहौल स्पीति और किन्नौर 242119, कुल्लू, सोलन और ऊना 242128 पर संपर्क कर सकते हैं, जबकि ई-मेल आईडी hpbose2011@gmail.com पर भी सूचना भेजी जा सकती है।
जमा दो में त्रुटि होने पर यहां करें संपर्क
मंडी, लाहौल-स्पिती और कांगड़ा आर नंबर 242139, कांगड़ा (ए-पी) नंबर 242140, हमीरपुर, किन्नौर और शिमला 242141, बिलासपुर, चंबा, कुल्लू और कांगड़ा (एस टू एंड) 242142, सिरमौर, सोलन और ऊना से 242150 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है, जबकि ई-मेल पर भी सूचना भेजी जा सकती है।
स्कूल शिक्षा बोर्ड सचिव अश्विनी राज शाह ने बताया कि परीक्षार्थियों के विवरण से संबंधित यदि किसी प्रकार की अशुद्धि स्कूल स्तर पर एडमिशन विड्रॉल रजिस्टर में अंकित विवरण के अनुसार नहीं भेजी जाती है, तो उसकी पूरी जिम्मेवारी स्कूल मुखिया की होगी।