हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड की मार्च में शुरू होने वाली वार्षिक परीक्षाओं में इस बार दो लाख छात्र-छात्राएं बैठेंगे। परीक्षा से संबंधित तमाम तैयारियां बोर्ड ने पूरी कर ली हैं।
इसके लिए प्रदेश भर में 1915 के करीब परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं। मैट्रिक की मार्च-2018 वार्षिक परीक्षा में 109782 बच्चे बैठेंगे, जबकि 98302 परीक्षार्थी जमा दो की वार्षिक परीक्षा देंगे।
इसके अलावा एसओएस (राज्य मुक्त विद्यालय) के तहत मैट्रिक में 8535, जमा दो में 15304 और मिडल की वार्षिक परीक्षा में 366 परीक्षार्थी बैठेंगे।
स्कूल शिक्षा बोर्ड की वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन के लिए प्रदेश भर में करीब दस हजार कर्मचारी प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से ड्यूटी देंगे। इसमें 1915 परीक्षा केंद्रों में अधीक्षक, उपाधीक्षक सहित अन्य परीक्षा निरीक्षक की ड्यूटी लगेगी।
नकल रोकने के लिए स्पेशल टीमें
वार्षिक परीक्षाओं में नकल रोकने के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड अपने स्तर पर उड़नदस्तों का गठन करेगा, जबकि एसडीएम और जिला स्तर पर शिक्षा उपनिदेशक अलग-अलग टीमें गठित करके परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करेंगे।
वार्षिक परीक्षा के संचालन के लिए स्कूल शिक्षा बोर्ड ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। परीक्षा संचालन के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जा रही हैं।
-डॉ. हरीश गज्जू, सचिव हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड