एचआरटीसी में विभिन्न श्रेणियों के दर्जनों पद खाली हैं। परिवहन कर्मचारी यूनियन (एटक) ने कहा कि सरकार इन पदों को भरे। यूनियन ने निगम में चालकों के 176 पद भरने के लिए सरकार का आभार जताया। साथ ही 3 साल से अनुबंध कार्यकाल पूरा कर चुके कर्मचारियों को नियमित करने और 16 महीने से लंबित रात्रि भत्ता जारी करने की मांग की है।
यूनियन के प्रांतीय महासचिव नानक शांडिल ने कहा कि वर्कशॉप के कर्मचारी सेवानिवृत्त हो रहे हैं। उन्होंने रिक्त पदों को किथ एंड किन पॉलिसी के तहत भरने की मांग की। कहा कि जिन पीस मील कर्मचारियों की सेवा चार और पांच साल की हो चुकी है, उनके लिए अनुबंध पॉलिसी बनाई जाए। तकनीकी कर्मचारियों को पदोन्नति की जाए।
कहा कि चालकों-परिचालकों का लगभग 16 महीने का रात्रि भत्ता और अतिरिक्त समय भत्ता देय है, प्रबंधन की ओर से इसे जारी नहीं किया जा रहा है। इन कर्मचारियों का आधे से ज्यादा वेतन रूट पर चलते समय रात्रि ठहराव और खाने पर हो जाता है। पूर्व में निगम प्रबंधन व कर्मचारी संगठनों बीच एक समझौता हुआ था। इसमें महीने की 22 तारीख को अतिरिक्त समय भत्ते का भुगतान किया जाना था, लेकिन प्रबंधन ने इसे लागू नहीं कर रहा है।