पब्लिक सर्विस कमीशन और कर्मचारी चयन आयोग के एक ही दिन परीक्षाएं रखने से हजारों अभ्यर्थियों के लिए परेशानी खड़ी हो गई है। दरअसल, नवोदय विद्यालय स्कूल में पीजीटी शिक्षकों के 36 पदों के लिए 11 दिसंबर को परीक्षा ली जा रही है।
इसी दिन प्रदेश पब्लिक सर्विस कमीशन की ओर से पीजीटी कॉमर्स के 64 पदों और कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर विभिन्न विभागों के सीनियर असिस्टेंट अकाउंटेंट के पदों पर लिखित परीक्षा ले रहा है।
ऐसे कई आवेदक हैं, जिन्होंने तीनों ही जगह आवेदन किया था, लेकिन अब एक ही दिन परीक्षा होने के चलते उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एक अभ्यर्थी वंश ने बताया कि तीनों ही जगह कॉमर्स विंग से जुड़े पदों की परीक्षा है।
ऐसे में अभ्यर्थी एक ही जगह परीक्षा दे पाएगा और उसके लिए दूसरी जगह के रास्ते बंद हो जाएंगे। वहीं, तुषार ने कहा कि नवोदय विद्यालय के पीजीटी के पदों की परीक्षा की तिथि काफी पहले से घोषित थी। ऐसे में राज्य में परीक्षा कराने वाले संस्थानों को इसका ध्यान रखते हुए अलग तिथियां रखनी चाहिए थी।