नेशनल एलिजीबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (एनईईटी) यूजी-2017 में रविवार को प्रदेश के हजारों अभ्यर्थी बैठे। शिमला में स्थापित किए दस परीक्षा केंद्रों में करीब साढ़े चार हजार और हमीरपुर के परीक्षा केंद्रों में करीब 3800 परीक्षार्थियों ने यह परीक्षा दी।
राजधानी में सुबह तय साढ़े सात बजे ही परीक्षा केंद्रों में परीक्षार्थियों के पहुंचने का क्रम शुरू हो गया था। दस बजे से तीन बजे तक के तय समय में परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई। इस परीक्षा के लिए सीबीएसई की ओर से तैनात सिटी कोआर्डिनेटर सेंट थॉमस स्कूल की प्रिंसिपल विदुप्रिया चक्रवर्ती ने बताया कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं हुई।
उन्होंने स्वयं भी हर परीक्षा केंद्र में जा कर परीक्षा संचालन की व्यवस्था का जायजा लिया। राजधानी में सेंट थॉमस स्कूल, जेसीबी स्कूल, तिब्तियन स्कूल, सरस्वती पैराडाइज इंटनरेशनल पब्लिक स्कूल, लोरेटो भराड़ी, केंद्रीय विद्यालय जाखू, डीएवी लक्कड़ बाजार, चैप्सली, सेंट एडवर्ड में परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे।
इन सभी केंद्रों में सीबीएसई के दिशा निर्देशों के मुताबिक नकल रोकने के लिए पूरे इंतजाम किए गए थे। इन परीक्षा केंद्रों में सोलन, किन्नौर, लाहौल स्पीति, चंडीगढ़ सहित जगह जगह से परीक्षार्थी परीक्षा देने के लिए पहुंचे थे।
हमीरपुर में बनाए गए थे 8 परीक्षा केंद्र
जिलाभर के आठ परीक्षा केंद्रों में एनईईटी (नीट) की परीक्षा आयोजित की गई। परीक्षा के लिए चार हजार छात्रों ने जिला हमीरपुर में परीक्षा केंद्र भरा था। इनमें से जिला के आठ विभिन्न परीक्षा केंद्रों में 3800 अभ्यर्थियों ने ही परीक्षा में भाग लिया है।
शेष 200 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। डीएवी स्कूल हमीरपुर के प्रधानाचार्य एवं नीट-2017 के सिटी कोआर्डिनेटर पीसी वर्मा ने कहा कि इस परीक्षा के लिए कोड-ए वाले छात्र सुबह साढ़े सात और कोड-बी वाले छात्रों ने साढ़े आठ बजे परीक्षा केंद्रों में प्रवेश किया।
परीक्षा का आयोजन डीएवी स्कूल कांगू, हिम अकादमी पब्लिक स्कूल हमीरपुर, एसडी पब्लिक स्कूल हमीरपुर, केंद्रीय विद्यालय हमीरपुर, हमीरपुर पब्लिक स्कूल हमीरपुर, कन्या स्कूल हमीरपुर, परमार्थ इंटरनेशनल स्कूल ककड़ियार और डीएवी हमीरपुर में केंद्र बनाए गए थे।