एचपी यूनिवर्सिटी में शुक्रवार को ईआरपी प्रणाली की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कुलपति आचार्य सिकंदर कुमार ने कहा कि ईआरपी से महाविद्यालयों के लिए पेमेंट गेटवे जोड़े जाने की योजना है। इससे महाविद्यालयों को संबद्धता आदि के अतिरिक्त किसी भी प्रकार के लेन देन में दिक्कत नहीं होगी।
पहले चरण में प्री एडमिशन, फीस प्रबंधन, प्रवेश एवं अकादमिक, पूर्व परीक्षा मॉड्यूल, परीक्षा प्रबंधन, रिजल्ट, सेल्फ सर्विस पोर्टल फोर स्टूडेंट्स, संबंद्घता प्रबंधन, छात्रावास और मैस प्रबंधन, प्लेसमेंट, पूर्व छात्र प्रबंधन, वित्त अकाउंटिंग, बजट, भर्ती, पे रोल, जीपीएफ और पैंशन, अवकाश प्रबंधन और कर्मचारियों के लिए सेल्फ सर्विस पोर्टल को सुचारू रूप से चलाया जा रहा है। इन पोर्टल में समय समय पर सामने आई खामियाें को दूर किया गया है और उसमें और सुधार के प्रयास किए जा रहे हैं।
दूसरे चरण में ये सेवाएं होंगी ऑनलाइन
कुलपति ने कहा कि दूसरे चरण में रिसर्च प्रोजेक्ट, भंडार और खरीद, एस्टेट, टुअर और ट्रैवल, बिल ट्रैकिंग, आरटीआई, परिवहन, चिकित्सा, दीक्षांत समारोह, अतिथि गृह, फाइल ट्रैकिंग सिस्टम, विपत्ति प्रबंधन, विधि सैल, ज्ञान प्रबंधन पोर्टल को एक जुलाई से शुरू कर दिया जाएगा। इससे फाइलों की मॉनिटरिंग के साथ साथ विभागीय स्तर पर तालमेल बनाने में सहयोग मिलेगा।