हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड और तकनीकी शिक्षा निदेशालय ने आईटीआई की स्पॉट राउंड की काउंसलिंग का शेड्यूल जारी कर दिया है। यह 10 अगस्त से होगा। स्पॉट राउंड में पहले आवेदन नहीं करने वाले विद्यार्थी भी भाग ले सकते हैं। जिन ट्रेडों में खाली सीटें रही हैं, उनमें ही इन अभ्यर्थियों को दाखिला दिया जाएगा।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड तीसरे राउंड की काउंसलिंग के बाद आईटीआई के विभिन्न ट्रेडों में खाली रही सीटों की सूची 9 अगस्त को बोर्ड की वेबसाइट पर डालेगा। आईटीआई में जिस ट्रेड में सीट खाली होगी, उसी आईटीआई में अभ्यर्थी को अपने दस्तावेज तय शेडयूल के अनुसार जमा करवाने होंगे।
दस से 14 अगस्त तक स्पॉट दाखिला दिया जाएगा। बोर्ड ने स्पॉट राउंड के लिए शेड्यूल जारी कर दिया है। इसमें दसवीं में 70 फीसदी से अधिक अंक लेने वाले बच्चाें को 10 अगस्त को आईटीआई में खाली सीट के आधार पर दस्तावेज जमा करवाने होंगे।
11 अगस्त को 55 से 70 फीसदी अंक वाले, 50 फीसदी से 55 फीसदी अंक वालों को 13 अगस्त को आईटीआई में दस्तावेज जमा करवाने होंगे। बच्चों से उनके दस्तावेज तय तिथि के अनुसार सुबह 11:30 बजे तक लिए जाएंगे। इसके बाद मेरिट सूची बनाई जाएगी।
दो बजे से जिन विद्यार्थियों के नाम मेरिट में होंगे, उनका दाखिला किया जाएगा। जिस बच्चे का स्पॉट राउंड में दाखिला होगा, उसे उसी समय फीस जमा करवानी होगी।
तकनीकी शिक्षा बोर्ड के सचिव सुनील वर्मा ने कहा कि स्पॉट राउंड की काउंसलिंग में मेरिट के आधार पर विभिन्न आईटीआई में खाली सीटों पर विद्यार्थी दाखिला ले सकते हैं। नौ अगस्त को प्रदेश की आईटीआई में खाली बची सीटों की सूची बोर्ड की वेबसाइट पर डाल दी जाएगी।