केंद्रीय विश्वविद्यालय धर्मशाला में कई कोर्सों की सीटें खाली रह गई हैं। खाली सीटों को भरने के लिए विवि ने अब ओपन आवेदन मांगे हैं। विवि में दाखिला लेने के लिए प्रवेश परीक्षा पास करने के बाद कई छात्रों ने फीस जमा करवा दी, लेकिन दस्तावेज की जांच करवाने नहीं आए। दस्तावेज की जांच करवाने न आने के कारण इतिहास, राजनीति शास्त्र और समाज शास्त्र विषयों में 30-30 सीटें भी नहीं भर पाईं।
राजनीति शास्त्र में 17, इतिहास में 26 और समाज शास्त्र में सिर्फ 12 सीटें भरी हैं। इसके अलावा बी-वॉक, शिक्षा विभाग, न्यू मीडिया, फाइन आर्ट्स, पीजी डिप्लोमा आंबेडकर स्टडी, जनजातीय अध्ययन, जम्मू-कश्मीर अध्ययन में भी कई सीटें खाली रह गई हैं। फाइन आर्ट्स में सिर्फ दो छात्रों ने दाखिला लिया है। सीटें खाली रहने के बाद अब कई विभागों में ओपन आवेदन मांगे हैं, ताकि खाली सीटों को भरा जा सके।
सीयू के उप-कुलपति डॉ. एचआर शर्मा ने कहा कि खाली सीटें को भरने के लिए कई विभागों ने ओपन आवेदन मांगे गए हैं।
सुविधाओं के लिए तरस रहा है विश्वविद्यालय
पिछले दस साल से विवि अपने स्थायी परिसर के लिए जूझ रहा है। छात्रावास की सुविधा भी नहीं है। इसके अलावा इतिहास, राजनीति शास्त्र सहित कई विषयों में स्थायी प्राध्यापकों की कमी है। विवि में पुस्तकालय की पर्याप्त सुविधा भी नहीं है।
307 ने दी प्रवेश परीक्षा, फिर भी नहीं भरी 30 सीटें
सीयू में राजनीति शास्त्र में प्रवेश लेने के लिए 307 छात्रों ने आवेदन किया था। इन छात्रों में प्रवेश परीक्षा भी दी। बावजूद 30 सीटें नहीं भर पाईं। वहीं, इतिहास विभाग में 204 और समाजशास्त्र में 84 आवेदन आने के बाद भी सीटें खाली रह गई हैं।