रोलेनिया का आईआईटी हैदराबाद में चयन हुआ है।
किन्नौर जिले के काफनू गांव की रोलेनिया का आईआईटी में चयन हुआ है। उसकी सफलता से परिजन और गांव वाले फूले नहीं समा रहे हैं। रोलेनिया ने आईआईटी हैदराबाद में अपना स्थान बनाकर भावावैली का नाम रोशन किया है। रोलेनिया की पढ़ाई के साथ डांस में भी खासी रुचि है। वह शुरू से ही फिल्म अभिनेत्री बनने का सपना संजोए हुए है।
रोलेनिया आईआईटी की परीक्षा पास करने वाली भावावैली की पहली लड़की है। रोलेनिया का कहना है कि उसने इस मुकाम को अपने पिता एडवोकेट धन भगत नेगी, आईजीएमसी शिमला में बतौर वार्ड सिस्टर कार्यरत माता शशि कला नेगी और गुरुजनों के सही मार्गदर्शन से हासिल किया है।
उसने कहा कि वह पढ़ाई कर फिल्मी दुनिया में पैर जमाना चाहती है। रोलेनिया ने 10वीं तक की शिक्षा सेंट मैरी कान्वेंट स्कूल कसौली और 12 वीं की पढ़ाई चंडीगढ़ से की है। बीएससी एक्सीलेंस कॉलेज संजौली से की है। वह दिल्ली और चंडीगढ़ में कई डांस कंपीटीशन में भाग ले चुकी है।