एक से छह नवंबर तक हिमाचल के मंडी में पड्डल मैदान में सेना भर्ती रैली होगी। इसमें पहली बार सिपाही फार्मा के पद भरे जाएंगे। अभ्यर्थियों का डोप टेस्ट भी इस दौरान लिया जाएगा। दौड़ की प्रक्रिया पूरी करने के बाद अभ्यर्थी को डोप टेस्ट की प्रक्रिया से गुजरना होगा। पॉजिटिव पाए जाने पर अभ्यर्थी को भर्ती से बाहर कर दिया जाएगा। मंडी, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के युवा हिस्सा ले सकते हैं।
भर्ती में सैनिक सामान्य ड्यूटी (जीडी), सैनिक लिपिक/स्टोर कीपर तकनीकी के अलावा पहली बार सिपाही फार्मा पद के उम्मीदवार भी भाग ले सकते हैं। उम्मीदवार सेना भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 17 अक्तूबर तक कर सकेंगे। 20 अक्तूबर से उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड अपनी आईडी से डाउनलोड कर सकेंगे। जिला और तहसील वाइज एक नवंबर से उम्मीदवारों को बुलाया जाएगा।
भर्ती निदेशक कर्नल एम. राजराजन ने बताया कि सेना भर्ती प्रक्रिया में केवल ऑनलाइन रजिस्टर्ड उम्मीदवार ही भाग ले सकते हैं। अगर किसी उम्मीदवार को रजिस्ट्रेशन के दौरान समस्या आती है तो वह सेना भर्ती कार्यालय मंडी में संपर्क कर जानकारी हासिल कर सकता है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से कंप्यूटराइज्ड होगी।
भर्ती निदेशक ने बताया कि जो जाली प्रमाण पत्र अपने साथ लाता है, तो उन्हें पुलिस को सौंप दिया जाएगा और उसके प्रति सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भर्ती के लिए जरूरी दस्तावेज जिसमें एडमिट कार्ड, चरित्र प्रमाण पत्र, शिक्षा प्रमाण पत्र, स्कूल प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, इसके अलावा सिपाही फार्म पद के उम्मीदवार अपने साथ डी-फार्मा/बी-फार्मा मार्क सीट दस्तावेज बगैर भर्ती में प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा।