घुमारवीं थाने के तहत रोहिण गांव के प्रधान ने ग्रामीणों केे साथ उपमंडल पुलिस अधिकारी घुमारवीं के कार्यालय में पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। वहीं उपमंडल पुलिस अधिकारी घुमारवीं को ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा कि पुलिस थाना घुमारवीं की ओर से मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तथा मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया है।
जानकारी के अनुसार रमेश चंद निवासी रोहिण प्रधान ग्राम पंचायत रोहिण ने अपने गांव के जगन्नाथ पुत्र रोड़ा राम के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत करवाया था। इसमें रमेश चंद ने कहा कि दिनांक 13 फरवरी 2020 को वह पंचायत सचिव के साथ जब जगरनाथ के घर सर्वेक्षण के लिए गए थे तो जगन्नाथ ने इनके साथ गालीगलौज किया तथा इसके ऊपर दराट से वार किया जिससे उसके सिर और बाजू में चोटें आई थीं।
रमेश चंद अपने 60, 70 पंचायत वासियों के साथ उपमंडल पुलिस अधिकारी घुमारवीं के कार्यालय में आए तथा पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की लेटलतीफी के चलते आरोपी घर से भाग गया तथा पुलिस ने मुकदमा धारा 324 आईपीसी में दर्ज किया जबकि धारा 307 आईपीसी बनती थी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ धारा 307 आईपीसी में कार्रवाई करने की मांग की है। डीएसपी राजेंद्र कुमार जसवाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा है कि प्रधान की अगुवाई में ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा है तथा उन्हें आश्वासन दिया है कि आरोपी के विरुद्ध उचित कार्रवाई की जाएगी।