हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय ने यूजी डिग्री कोर्स के पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर की परीक्षाओं के लिए ऑनलाइन फार्म भरने की तारीख 19 सितंबर तक बढ़ा दी है। ऑनलाइन फार्म भरने में छात्रों को इंटरनेट और बैंक में चालान जनरेट करने में पेश आ रही समस्याओं और छात्रों की मांग पर यह निर्णय लिया गया है।
यूजी डिग्री कोर्स की परीक्षाएं 13 अक्तूबर से शुरू होनी हैं। परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी की ओर से जारी अधिसूचना के मुताबिक ई एग्जाम फॉर्म अब बिना लेट फीस 19 सितंबर तक भरे जा सकेंगे।
यूजी में सीबीसीएस रूसा के तहत बीए/बीएससी/ बीकॉम, शास्त्री/ बीएससी ऑनर्स (बायोटेक्नालॉजी) और माइक्रोबायोलॉजी), बीबीए, बीसीए, बीटीए और बीपीई के पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर, बीए एलएलबी ऑनर्स पहले, तीसरे, पांचवें और सातवें सेमेस्टर के अलावा रेगुलर और इक्डोल छात्र 19 सितंबर तक ऑनलाइन फार्म भर सकेंगे।
10 सितंबर को ऑनलाइन फॉर्म भरने की तिथि समाप्त हो गई थी। छात्रों की सुविधा को इसे बढ़ाया गया है। पहले, तीसरे और पांचवें सेमेस्टर के छात्र इस बार रूसा सीबीसीएस के लिए तय www.hpuniv.hp.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन फार्म भर सकते है।
शैक्षणिक सत्र 2017-18 में यूजी कोर्स में प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश लेेने वाले छात्रों के लिए इस बार वेब एनेबल्ड मैनेजमेंट सिस्टम( ईआरपी) के तहत लाने के लिए www.exams.hpushimla.in,www.admissions.hpushimla.in के माध्यम से परीक्षा फॉर्म भरने की सुविधा दी गई है।
कंप्यूटर सेंटर के इंचार्ज मुकेश कुमार ने बताया कि यदि छात्रों को जनरेट किए चालान के तहत फीस जमा करवाने में दिक्कत आ रही है तो वे एचपी स्टेट कोऑपरेटिव बैंक में भी चालान से कैश जमा करवा सकते हैं।
इसके बाद छात्र की फीस जमा मानी जाएगी। छात्र चाहे तो अन्य बैंक में भी तय एनईएसटी/आरटीजीएस के माध्यम से विवि के दिए गए बैंक अकाउंट में सीधे तय फीस जमा करवा सकता है।