हिमाचल प्रदेश तकनीकी शिक्षा बोर्ड ने आईटीआई, पैट के सेकेंड राउंड और लीट काउंसलिंग के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की तिथि को 30 जून तक बढ़ा दिया है। इससे पहले बोर्ड ने आवेदन के लिए 26 जून अंतिम तिथि निर्धारित की थी। लेकिन तकनीकी खराबी के चलते बोर्ड की वेबसाइट सुचारु रूप से नहीं चल रही थी। इस कारण प्रदेश के हजारों विद्यार्थी आईटीआई और पैट व लीट काउंसलिंग के लिए आवेदन नहीं कर पाए।
दिनभर साइबर कैफे के चक्कर लगाने के बावजूद भी फार्म नही भरे जा सके। अभ्यर्थियों डिंपल कुमारी, मीना देवी, नेहा कुमारी, राज कुमार, कुलदीप कुमार, देश राज, ज्योति कुमार, हंसराज, प्रोमिला कुमार, प्रदीप कुमार, कमल कुमार, सरोजनी देवी, पदमा कुमारी, संत राम, हेत राम, मनोज कुमार ने बताया कि तीन दिन से आईटीआई के फार्म भरने के साइबर कैफे के चक्कर लगा
रहे हैं परंतु अभी तक फार्म भरा नहीं गया। तकनीकी शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करने को मोबाइल पर मैसेज आने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है, उसके बावजूद कभी मैसेज आता है और कभी नहीं। इसी तरह बार-बार रजिस्ट्रेशन के लिए फार्म भरना पड़ रहा है। दूसरी तरफ बोर्ड की वेबसाइट के बंद रहने से आईटीआई के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थी भी परेशान हो रहे थे।
तकनीकी शिक्षा विभाग के निदेशक राजेश्वर गोयल ने बताया कि तकनीकी शिक्षा बोर्ड की वेबसाइट के सुचारु रूप से कार्य न करने के चलते आईटीआई के लिए आवेदन की तिथि को 26 से बढ़ाकर 30 जून कर दिया गया है। जबकि पैट की काउंसलिंग की अंतिम 30 जून तक कर दी गई है। बोर्ड की वेबसाइट की देखरेख करने वाली कंपनी को भी साइट को ठीक करनेे के आदेश दिए गए हैं।