हिमाचल प्रदेश विवि इस बार बीएड की पूरी प्रवेश प्रक्रिया भी ऑनलाइन करने जा रहा है। एमबीबीएस और इंजीनियरिंग कोर्स की तर्ज पर बीएड के सरकारी और विवि से संबद्ध निजी बीएड कॉलेजों की सीटें आवंटित करने और भरे जाने की प्रक्रिया बिना काउंसलिंग के ऑनलाइन पूरी की जाएंगी। छात्रों को अब एचपीयू में काउंसलिंग के लिए आने की जरू रत नहीं पड़ेगी।
बीएड की मई माह के अंत तक होने वाली प्रवेश परीक्षा के अंकों के आधार पर सीधे ऑनलाइन ही छात्रों को कॉलेज आवंटित किए जाएंगे। प्रवेश परीक्षा देने वाले छात्रों से प्रवेश परीक्षा की मेरिट जारी होने के बाद, प्राप्तांक और स्नातक डिग्री की न्यूनतम प्राप्तांक की शर्त के मद्देनजर अपनी इच्छा से सरकारी और निजी कॉलेजों की च्वाइस ऑनलाइन फार्म पर भरनी होगी।
इसी के मुताबिक विश्वविद्यालय की बीएड प्रवेश समिति सीधे छात्र को उनकी भरी गई च्वाइस के मुताबिक सीटें आवंटित कर देगी। इससे एक ओर जहां छात्र को घर बैठे बीएड में प्रवेश मिल जाएगा, साथ ही विवि की काउंसलिंग की जटिल प्रक्रिया भी समाप्त होगी। वहीं, छात्रों और अभिभावकों को काउंसलिंग के लिए विश्वविद्यालय के चक्कर काटने से निजात मिलेगी।
बीएड कोर्स की इस काउंसलिंग से मुक्त प्रवेश की ऑनलाइन प्रक्रिया का सॉफ्टवेयर तैयार करने की जिम्मेदारी विवि के कंप्यूटर सेंटर को दी गई है। इसके लिए एक बैठक कर शिक्षा विभागाध्यक्ष और कमेटी के अन्य सदस्यों से प्रवेश की प्रक्रिया का पूरा ब्योरा ले लिया गया है। उसी के मुताबिक आनलाइन प्रवेश की प्रक्रिया का सॉफ्टवेयर तैयार किया जा रहा है।