दुबई, ओमान और दोहा सहित देश के पांच सितारा होटलों को 600 से अधिक प्रशिक्षित स्टाफ प्रदान करने वाले फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट खनियारा (धर्मशाला) में इस शैक्षणिक सत्र से पांच पाठ्यक्रमों में 100 सीटें बढ़ गई हैं।
ऐसे में प्रत्येक पाठ्यक्रम में 30 की बजाय 50 प्रशिक्षु प्रशिक्षण ले सकेंगे। संस्थान में प्रवेश के लिए 25 मई से प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। जुलाई के पहले सप्ताह में मेरिट बनेगी। 29 जुलाई से संस्थान में कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट खनियारा में फूड प्रोडक्शन, एफएडंबी सर्विसेज, हाउस कीपिंग, फ्रंट ऑफिस और बेकरी में डिप्लोमा करवाया जा रहा है। साल 2012 से संचालित किए जा रहे संस्थान में सभी पाठ्यक्रमों में 30 सीटें निर्धारित की गई थीं।
वहीं शैक्षणिक सत्र 2019-20 के लिए इन सभी पाठ्यक्रमों में सीटों में बढ़ोतरी कर 30 की बजाय 50 कर दिया गया है। डेढ़ साल के डिप्लोमा कोर्स में करीब 40 से 45 हजार रुपये फीस निर्धारित की गई है।
उधर, फूड क्राफ्ट इंस्टीट्यूट के प्रभारी राजन शर्मा ने बताया कि साल 2012 से अब तक संस्थान से करीब 602 युवा प्रशिक्षण लेकर पास आउट हुए हैं। इन सभी प्रशिक्षुओं की प्लेसमेंट देश-विदेश के पांच सितारा होटलों में हुई है।
अब तक संस्थान का 100 फीसदी प्लेसमेंट का रिकॉर्ड रहा है। होटल इंडस्ट्री में कॅरियर के मामले में तेजी से वृद्घि हुई है। होटल में प्रशिक्षित स्टाफ के लिए देश-विदेश में मांग अधिक है, लेकिन इसकी सप्लाई कम है। ऐसे में इस इंडस्ट्री के साथ जुड़कर युवा भविष्य संवार सकते हैं।
ये प्रशिक्षु दे रहे विदेशों में सेवाएं
संस्थान से पास आउट राहुल ठाकुर सेंट रेगिस दुबई, राजेश कुमार पैराडाइज मालदीवस, तिलक राज सेंटर मसकट होटल ओमान और रोहित चौधरी फ्रेशर सूट्स दोहा में सेवाएं दे रहे हैं।