प्रदेश कर्मचारी चयन आयोग ने स्वास्थ्य सुरक्षा और रेगुलेशन विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक ड्रग्स भर्ती का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है, लेकिन इस भर्ती परीक्षा में कोई भी अभ्यर्थी पास नहीं हो सका।
आयोग ने वर्ष 2017 में स्वास्थ्य विभाग में वरिष्ठ वैज्ञानिक ड्रग्स के दो पदों को भरने के लिए पोस्ट कोड-628 में आवेदन मांगे थे। आवेदन आने के बाद आयोग ने 30 अगस्त 2018 को लिखित परीक्षा करवाई।
लिखित परीक्षा में मेरिट में आने वाले 6 अभ्यर्थियों को आयोग ने पंद्रह अंकों की मूल्यांकन परीक्षा के लिए बुलाया। एक नवंबर 2018 को मूल्यांकन परीक्षा पांच अभ्यर्थियों ने भाग लिया, जबकि एक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहा, लेकिन मूल्यांकन
परीक्षा में पहुंचे सभी 5 अभ्यर्थी भर्ती एवं पदोन्नति नियमों को पूरा नहीं कर पाए। इसके चलते विभाग में दोनों पद खाली रह गए हैं। आयोग के सचिव डॉ. जितेंद्र कंवर ने बताया कि योग्य अभ्यर्थी न मिलने के कारण दोनों पद खाली रह गए हैं।