विश्वविद्यालय में बीते रोज से शुरू हुई पीजी कोर्स की काउंसलिंग के दूसरे रोज एमएससी बॉटनी, जियोलॉजी और एमएमसी कोर्स के लिए संबंधित विभागों में काउंसलिंग की प्रक्रिया पूरी की गई।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. राजिंद्र सिंह चौहान और अधिष्ठाता अध्ययन प्रो. अरविंद कालिया ने इन विभागों में जा कर काउंसलिंग प्रक्रिया का जायजा लिया। कुलपति प्रो. चौहान ने कहा कि इन तीनों विभागों में पाया गया कि बहुत कम छात्र ऐसे थे, जिनका यूजी का परीक्षा परिणाम नहीं आया था।
यह कोई बहुत गंभीर समस्या नहीं है। काउंसलिंग के बाद छात्रों को पिछला परिणाम जमा करवाने को पर्याप्त समय दिया जाएगा। उसके बाद ही प्रवेश की अंतिम मेरिट सूची जारी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि परीक्षा विंग में प्राथमिकता के आधार पर रुके परिणाम को सेटल करवाकर घोषित करने का प्रयास किया जा रहा है।