कोरोना वायरस के कारण शिक्षा विभाग विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाई करवा रहा है। दूरदर्शन के माध्यम से भी पढ़ाई करवाई जा रही है, लेकिन 11वीं के विद्यार्थियों को अभी तक औपचारिक प्रवेश नहीं हो पाया है। इसके लिए न तो कोई व्हाट्सऐप ग्रुप बना है और न ही दूरदर्शन से पढ़ाई हो रही है। इस विषय पर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नौहराधार ने पहल की है। विद्यालय के प्रवक्ता सुरेंद्र पुंडीर ने गूगल के माध्यम से 11वीं कक्षा में प्रवेश के इच्छुक विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन सेवा शुरू की है।
सीमित व जरूरी जानकारी भरकर कोई भी विद्यार्थी इसमें पंजीकरण करवा सकता है। गूगल पर सीमित जानकारियां भरने के पश्चात विद्यार्थियों की सूचना प्राप्त होने के तुरंत बाद इनका व्हाट्सऐप समूह बनाकर इन्हें भी जमा दो की तरह ऑनलाइन शिक्षण सामग्री उपलब्ध करवाई जाएगी। नियमित रूप से 11 अप्रैल से कक्षाएं शुरू हो जाती थीं, लेकिन इस वर्ष शिक्षण संस्थान बंद होने से शिक्षण कार्य में विलंब हो गया है।
गौरतलब है कि यह शिक्षण संस्थान ऑनलाइन शिक्षण कार्य भी नियमित रूप से चला रहा है। प्रवक्ता सुरेंद्र पुंडीर ने बताया कि ऑनलाइन पंजीकरण अस्थायी है, लेकिन इससे समय पर ही विद्यार्थियों की पढ़ाई शुरू हो सकेगी। किसी भी सहायता के लिए विद्यार्थी प्रधानाचार्य के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। प्रधानाचार्य संदीप बहल ने बताया कि पंजीकरण के लिए अभिभावक शिक्षकों की भी सहायता ले सकते हैं।